नई दिल्‍ली से पटना जा रही मगध एक्‍सप्रेस में सोमवार को आग लग गई. सोमवार सुबह बिहार में बक्सर के पास ट्रेन के एसी कोच में आग लग गई. इस हादसे में अभी तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है.
दिल्ली से पटना आ रही मगध एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी की बोगी में बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन के पास आग लग गयी.
बिहार के बक्सर रेलवे स्टेशन के समीप दिल्ली से पटना आ रही ट्रेन संख्या 12402 मगध एक्सप्रेस के एसी प्रथम श्रेणी की बोगी में सोमवार को अचानक आग लग गयी.
     पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल के अतिरिक्त रेल प्रबंधक बी के सिंह ने बताया कि आग लगने की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
     उन्होंने बताया कि उक्त ट्रेन के इंजन के बाद चौथी बोगी एसी प्रथम श्रेणी से धुआं निकलते देख चालक ने ट्रेन को गहमहर और चौसा रेलवे स्टेशन के बीच रोक दिया.
     सिंह ने बताया कि जिस बोगी में आग लगी थी उसे अलग किए जाने के बाद बाकी पांच बोगियों को एक इंजन की मदद से चौसा रेलवे स्टेशन लाया गया, जिसके बाद बाकी अन्य चार बोगियों को भी आग लगी बोगी से अलग किया गया.
    आग लगने के कारण का तत्काल नहीं पता चल पाया है और अग्निशमन दस्ते की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है.
    दानापुर मंडल के रेल प्रबंधक एन के गुप्ता अभियंताओं के साथ घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं.