जहर खाने से महिला की हुई मौत, हत्या की आशंका
पीरपैंती थाना क्षेत्र के सुंदरपुर गांव के रहने वाले चंदन कुमार साह की 25 वर्षीय पत्नी अंजली कुमारी उर्फ सोनम की मौत गुरुवार को जहर खाने से हो गयी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के रिश्तेदारों ने पति सहित सोनम के ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए 20 दिनों तक भूखे रखने और फिर बुधवार को उसे जहर खिला कर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतका के माता-पिता भागलपुर नहीं पहुंचे थे. इसकी वजह से मामले में फर्द बयान दर्ज नहीं किया जा सका, परिजनों ने बताया कि मृतका के माता-पिता मुंगेर जिला के तारापुर स्थित बरौनिया गांव के रहने वाले हैं. वर्तमान में अपने बेटों के साथ दिल्ली में ही रहते हैं.
मृतका के मायके पक्ष के रिश्तेदारों ने बताया कि अंजली उर्फ सोनम के पिता विद्या साह ने उसकी शादी विगत वर्ष 2018 में ही पीरपैंती सुंदरपुर के रहनेवाले चंदन कुमार साह से की थी। चंदन और अंजली को एक डेढ़ साल की बेटी है, उन्होंने बताया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर अंजली को प्रताड़ित करने लगे थे. बुधवार को वे लोग मुंगेर से पीरपैंती में ही एक रिश्तेदार के घर पर समारोह में हिस्सा लेने आये थे. उसी वक्त अंजली ने अपने मौसेरे भाई को फोन कर तबीयत खराब होने की बात कहते हुए बुलाया. मौसेरे भाई ने अंजली के घर पहुंच पहले उसे एक निजी क्लिनिक में डॉक्टर को दिखाया. डॉक्टर ने स्थानीय पीएचसी में इलाज के लिए भेज दिया. पीएचसी के डॉक्टरों ने बताया कि अंजली ने 20 दिन से कुछ नहीं खाया है. बुधवार को उसने जहर खा लिया. उसकी स्थिति गंभीर बताते हुए पीएचसी के डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया, इलाज के क्रम में गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गयी।