नवगछिया नगर के एनएसी रोड में होली के दिन एक लाइसेन्सी दुकान में खुले आम शराब बेचते हुए दो सेल्समेन को नवगछिया आदर्श थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जहां मौके पर 55 हजार नगद भी जब्त किया गया। इसके बाद उक्त दुकान को सील भी किया गया। जिसकी सूचना जिलाधिकारी भागलपुर के माध्यम से उत्पाद विभाग के अधिकारियों को दे दी गयी तथा जब्त राशि और सील दुकान की चाभी भी विभागीय अधिकारियों को सौंप दी गयी।
जानकारी के अनुसार बिहार सरकार के नियमों की धज्जियां खुले आम उड़ा रहे अजय कुमार यादव तथा अरुण कुमार मंडल को नवगछिया थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ उस समय दबोच लिया जब ये दोनों एक लाइसेन्सी शराब दुकान में होली के दिन खुले आम शराब बेच रहे थे। जबकि होली के दिन शराब की दुकान खोलना नियम के विरुद्ध है। जिसकी सूचना पहले से भी अखबारों में लगातार आ रही थी।
वहीं नवगछिया में यह आलम तब था जब एक दिन पहले भी नवगछिया पुलिस द्वारा नोनिया पट्टी में एक अवैध शराब विक्रेता बिनोद महतो के यहाँ छापामारी की थी। जहां से भी मौके पर कई लीटर अवैध शराब बरामद की थी। साथ ही अर्ध निर्मित शराब को नष्ट भी किया था।