भागलपुर शहर के यातायात नियमों में आज से आंशिक फेरबदल हुआ है। जो बदहाल यातायात को पटरी पर लाने तथा  शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए किया गया है। परिवर्तित नियम 13 फरवरी बुधवार से लागू होंगे।
इसके चलते स्टेशन से वाया घूरनपीर बाबा चौक होकर ऑटो तिलकामांझी नहीं आ सकेंगे। अब ऑटो
आदमपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद चौक से मुड़ कर खंजरपुर एसएम कॉलेज चौक व मायागंज अस्पताल चौक होते हुए डीएम कोठी के बगल से गुजरते हुए पहले जवारीपुर जाएंगे। वहां से वापस लौटकर तिलकामांझी आएंगे।
जानकारी के अनुसार स्टेशन से तिलकामांझी जाने वाले व्यावसायिक वाहनों के परिचालन रूट में परिवर्तन किया गया है। नए रूट के मुताबिक स्टेशन से तिलकामांझी व जीरोमाइल की ओर जाने वाले ऑटो, सवारी गाडि़यां व मालवाहक वाहन आदमपुर चौक व स्वामी विवेकानंद रोड पर नहीं चलेंगे। अब ये वाहन स्टेशन से एमपी द्विवेदी रोड, गौशाला रोड, नयाबाजार, मानिक सरकार से होकर आदमपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद चौक से मुड़ कर एसएम कॉलेज चौक, खंजरपुर बड़गाछ चौक से मायागंज जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल चौक से डीएम आवास की ओर होकर निकलेंगे। डीएम आवास के पास से बाएं मुड़ कर बरारी जाएंगे। जीरोमाइल जाने वाले वाहन डॉक्टर्स आवास से सटी तुलसीनगर कॉलोनी मोड़ वाले रास्ते से होकर जवारीपुर से जीरोमाइल या तिलकामांझी जाएंगे।
यातायात इंस्पेक्टर विनोद कुमार गुप्ता के मुताबिक तिलकामांझी चौक पर वाहनों के बढ़ते दबाव को कम करने व जाम की समस्या के समाधान के मद्देनजर वाहनों के रूट में आंशिक परिवर्तन किया गया है। उन्होंने बताया, तिलकामांझी की ओर से स्टेशन व मालगोदाम जाने वाले व्यावसायिक वाहन स्वामी विवेकानंद पथ होते हुए घूरनपीर बाबा मजार चौक से कचहरी चौक, भीखनुपर चौक व डिक्सन मोड़ होकर गुजरेंगे। जरूरत पड़ने पर यातायात नियमों में कुछ और परिवर्तन किए जाएंगे। नए नियमों को लागू कराने के लिए परिवर्तित रूट पर जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है।