ताजा समाचार :

6/Posts/ticker posts

आखिर kab बनेगा नवगछिया जिला

नवगछिया । ठीक 38 वर्ष पहले भागलपुर जिले के अठारह वर्षीय नवगछिया प्रखंड को अनुमंडल का दर्जा मिला था। 24 नवम्बर 1972 से अब तक अपने 38 वर्ष में इस अनुमंडल ने 35 एसडीओ को भी देखा हैं। 36वें एसडीओ के रूप में सुशील कुमार कार्यरत हैं। लेकिन जिला बनने का सपना इस अनुमंडल का अब तक पूरा नहीं हो सका है। जबकि पुलिस जिला बने नवगछिया को आठ वर्ष बीत गये। तब से नवगछिया में अलग एवं स्वतंत्र रूप से पुलिस अधीक्षक कार्यरत हैं। इसके पहले यह पुलिस का भी अनुमंडल मुख्यालय ही रहा है। लेकिन राजस्व अनुमंडल के 38 वर्ष पूरा करने पर भी राजस्व जिला का दर्जा प्राप्त न होने का सबको मलाल हो रहा है। जबकि एक दशक पहले ही नवगछिया के जिला बनने की घोषणा तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद करने वाले थे। लेकिन उस मंच पर मौजूद स्थानीय राजनेता की सलाह से मामला खटाई में पड़ गया। जबकि उस दौरान बिहार में काफी नये जिले बने थे। नवगछिया को जिला बनाने की मांग लगभग दो दशक से ही हो रही है। यहां तक कि जदयू, भाजपा, लोजपा आदि विभिन्न राजनैतिक दलों ने नवगछिया को वर्षो पूर्व जिला मान लिया है। इनके जिलाध्यक्ष यहां कार्यरत हैं। इसके अलावा भागलपुर के जिला जज द्वारा हर माह नवगछिया में कैम्प कोर्ट भी लगाया जाता है।
नवगछिया अनुमंडल में फिलहाल सात प्रखंड कार्यरत हैं। जबकि नवगछिया पुलिस जिला में सात थाने हैं। इसके अलावा चार सहायक थाने भी है। मक्का, केला, कलाई इत्यादि के लिए देशभर में मशहूर है नवगछिया। साथ की आम व लीची तथा टमाटर की भी अच्छी पैदावार है। लेकिन अब तक एक भी बड़ा उद्योग तो दूर मध्यम या छोटा उद्योग भी यहां नहीं लग पाया। अनुमंडल के कई क्षेत्रों में विकास की किरण भी अब तक नहीं पहंुच पायी है। जिसके लिए समय-समय पर मांग भी उठती रही है।
नवगछिया अनुमंडल गंगा और कोसी दो नदियों के बीच में बसा है। जहां बाढ़ की समस्या सबसे बड़ी एवं भयावह बनी रहती है। जिसके निदान के लिए नवगछिया में बाढ़ नियंत्रण विभाग का प्रमंडलीय कार्यालय भी वर्षो से कार्यरत हैं। जो सरकार का करोड़ों रुपया खर्च कर भी उचित राहत नहीं दे पा रहा है। फलस्वरूप अनुमंडल के गांव के गांव नदी में समा गये। इसके साथ ही कई गांव नदियों के मुहाने पर है, पता नहीं कब इनका नम्बर भी आ जाये। नवगछिया में प्रखंड की स्थापना 1 अगस्त 1955 को हुई थी जो 24 नवम्बर 1972 को अनुमंडल बना था। लेकिन 17 दिसम्बर 1954 को बना अनुमंडल पुलिस मुख्यालय के बाद नवगछिया 19 अगस्त 1992 में ही पुलिस का जिला मुख्यालय बन गया। लेकिन यहां स्थापना दिवस भी नहीं मनाया जाता तो विकास की बात कब, कहां और कौन करे।